मुजफ्फरनगर। खतौली तहसील क्षेत्र के मोहल्ला देवीदास में बुधवार को उस समय हालात तनावपूर्ण हो गए जब एक वांछित आरोपी को पकड़ने पहुँची पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए हिरासत में लिए गए आरोपी को जबरन छुड़ाकर फरार करा दिया। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने का मामला सामने आया।
जानकारी के अनुसार, सभासद के पति विनोद कुमार पर गांजा तस्करी के आरोप में पहले से मुकदमा दर्ज था और वह काफी समय से फरार चल रहा था। इसी मामले में पुलिस पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि विनोद अपने घर पर मौजूद है, जिसके बाद टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस आरोपी को लेकर जाने लगी, उसी दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मौके पर एकत्र हो गए। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और विरोध शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि भीड़ ने हाथापाई करते हुए आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया और मौके से फरार करा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी दिनेश चन्द्र बघेल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका।
पुलिस ने इस मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने और आरोपी को छुड़ाने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सिपाही धनेश नागर की तहरीर पर एक दर्जन से अधिक नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
