मुजफ्फरनगर। जिले में आबकारी विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक्सपायरी डेट पार कर चुके और पुराने पड़े शराब व बीयर के स्टॉक को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। प्रशासन के इस कदम से शराब माफियाओं और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
बताया गया है कि अपर मुख्य सचिव और आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर के आदेशों के तहत यह अभियान चलाया गया। दिनांक 16 अप्रैल 2026 को जनपद के विभिन्न थोक लाइसेंसधारकों के गोदामों में छापेमारी कर पुराने और अविक्रित स्टॉक को चिन्हित किया गया।
कार्रवाई के दौरान हजारों की संख्या में विदेशी शराब की बोतलें, अद्धे, पव्वे और बीयर के कैन व बोतलें मौके पर ही नष्ट कर दी गईं। यह पूरी कार्रवाई उप आबकारी आयुक्त, सहारनपुर प्रभार की निगरानी में गठित संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसमें डिप्टी कलेक्टर (मुख्यालय) और जिला आबकारी अधिकारी भी शामिल रहे।
अधिकारियों का कहना है कि एक्सपायर्ड शराब से लोगों की सेहत पर खतरा बना रहता है, इसलिए इसे बाजार में आने से पहले ही खत्म कर दिया गया। साथ ही यह भी साफ किया गया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
