मुज़फ्फरनगर। सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, केशव पुरी में आज संभाग निरीक्षक श्री जगबीर शर्मा का आगमन हुआ। उनके विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य श्री गोविंद गुप्ता ने पारंपरिक रूप से पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान संभाग निरीक्षक ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का भ्रमण कर शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा शैक्षणिक गुणवत्ता का गहन अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों से संवाद कर पढ़ाई के तरीकों और छात्रों की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
विद्यालय अवकाश के पश्चात दोपहर 2:15 बजे से 3:15 बजे तक आयोजित बैठक में सभी आचार्य बंधु एवं आचार्य बहनों ने भाग लिया। बैठक के दौरान श्री शर्मा ने शिक्षण पद्धति को अधिक प्रभावी बनाने, विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने तथा भारतीय संस्कृति एवं हिंदुत्व आधारित मूल्यों के प्रसार पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास का माध्यम बननी चाहिए। साथ ही, उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर परिणामों की अपेक्षा जताई।

