गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक भयावह सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं, जबकि एक युवक गंभीर हालत में अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है। हादसा विजयनगर थाना क्षेत्र में IPEM कॉलेज के पास स्थित एग्जिट प्वाइंट पर उस समय हुआ, जब सड़क किनारे खड़े कुछ लोग अचानक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे एक थार गाड़ी सवार युवक किसी कारणवश एक्सप्रेसवे किनारे वाहन रोककर नीचे उतर गए थे। इसी दौरान वे एक बाइक सवार से बातचीत कर रहे थे। तभी पीछे से आ रही एक ट्रेवलर बस ने संतुलन खोते हुए तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।
हादसे में बाइक सवार और थार में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य किया गया।
पुलिस ने ट्रेवलर बस को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group