मुजफ्फरनगर। जनपद के दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विकास खंड स्तर पर विशेष शिविरों के आयोजन की घोषणा की है। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशानुसार दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा आयोजित इन शिविरों में पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि इन शिविरों के माध्यम से ऐसे दिव्यांगजन, जिन्हें ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र (कान की मशीन), स्मार्ट केन, एमआरओ किट, लेप्रोसी किट तथा मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल जैसे उपकरणों की आवश्यकता है, उनका चयन किया जाएगा। चयनित लाभार्थियों को शासन की योजनाओं के तहत इन उपकरणों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविरों का आयोजन निर्धारित तिथियों पर संबंधित विकास खंड परिसरों में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 को विकास खंड सदर से होगी, जबकि इसके बाद बघरा (23 अप्रैल), चरथावल (25 अप्रैल), पुरकाजी (28 अप्रैल), मोरना (30 अप्रैल), जानसठ (5 मई), खतौली (7 मई), बुढ़ाना (12 मई) और शाहपुर (14 मई) में क्रमवार शिविर लगाए जाएंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिविर में आने वाले सभी पात्र दिव्यांगजन अपने साथ आवश्यक दस्तावेज अवश्य लाएं। इनमें पासपोर्ट साइज फोटो, दिव्यांग प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड शामिल हैं। बिना दस्तावेजों के पंजीकरण प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों से इन शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, मेरठ रोड से संपर्क करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group