सहारनपुर। जनपद में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे में सहारनपुर पुलिस को अहम सफलता मिली है। थाना नकुड़ पुलिस ने धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान व नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्थित मंदिरों और गोगा म्हाड़ियों से इन्वर्टर, बैटरी, लाउडस्पीकर और दानपात्रों से नकदी चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं से ग्रामीणों में रोष व्याप्त था और लगातार शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं।
इसी क्रम में थाना नकुड़ पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर मच्छरहेड़ी मार्ग पर घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम भूरा उर्फ इरशाद निवासी ग्राम मच्छरहेड़ी और लिल्लू उर्फ योगेश कुमार निवासी जलालपुरा बताया। दोनों ने क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया एम्प्लीफायर, एल्युमीनियम तार तथा विभिन्न स्थानों से चोरी की गई नकदी बरामद की है। बरामद नकदी में मंदिरों और गोगा म्हाड़ियों के दानपात्रों से चोरी की गई रकम भी शामिल है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस अब इनके अन्य साथियों और संभावित आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है।
