बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में सर्राफा कारीगर की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे के भीतर आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना बबेरू क्षेत्र में 24 अप्रैल की देर शाम करीब 8 बजे तेज प्रकाश सोनी (45) को उसके ही परिचित पड़ोसी ने अवैध तमंचे से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल कारीगर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
तेजी से कार्रवाई करते हुए थाना बबेरू पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपी असलम पुत्र सैयद हुसैन, निवासी कस्बा बबेरू को मुरवल-बबेरू रोड स्थित मुरहा मोड़ के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामूली विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group