मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव इटावा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पांच लोगों पर लाठी-डंडों, तमंचे की बट और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव इटावा निवासी धर्मेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका कुछ लोगों से पहले से विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि 15 सितंबर की रात करीब आठ बजे संजय, शेखर, ओमबीर, फरमान और उस्मान उसके घर में घुस आए। उनके हाथों में लाठी-डंडे और अन्य हथियार थे।पीड़ित के मुताबिक घर में घुसते ही आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान संजय ने तमंचे की बट से उसकी कमर पर वार किया। वहीं, अन्य आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला किया। ओमबीर पर धारदार हथियार से सिर पर प्रहार करने का आरोप लगाया गया है।सिर में चोट लगने से धर्मेंद्र घायल होकर जमीन पर गिर गया। शोर सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।