जयपुर। राजस्थान के नीमराना औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग के साथ हुए तेज धमाके ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। हादसे में एक 7 वर्षीय बच्ची सहित चार लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना जयपुर से सटे मोहलाडिया गांव के बिचपुरी रोड स्थित एक कबाड़ गोदाम की है, जहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री और खाली इत्र की बोतलें जमा थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग अचानक भड़की और देखते ही देखते पास ही स्थित प्लास्टिक ग्रेन्यूल बनाने वाली इकाई तक फैल गई। इसी दौरान एक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसने आग को और भी खतरनाक बना दिया।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त गोदाम के अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे। आग लगते ही उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन मुख्य गेट के पास खड़ी एक ट्रक में आग लगने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। जान बचाने के लिए कुछ मजदूरों ने चारदीवारी पार करने का प्रयास किया, मगर ऊंचाई ज्यादा होने के कारण वे सफल नहीं हो सके और अंदर ही फंस गए।
पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य के दौरान चार शव बरामद कर लिए गए हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है, जिसके लिए डीएनए जांच कराई जाएगी।
आग की सूचना मिलते ही नीमराना, घिलोथ और जापानी औद्योगिक क्षेत्र से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। साथ ही एसडीआरएफ और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम और फैक्ट्री परिसर में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच तेज कर दी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय कुछ मजदूर अभी भी अंदर मौजूद हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group