सहारनपुर। बेहट क्षेत्र में सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने की चाह एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गई। हथिनीकुंड बैराज के पास यमुना नदी में रील शूट करते समय 25 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। करीब 20 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेहट कोतवाली क्षेत्र के गांव धौलरा निवासी लोकेश अपने भांजे पारस के साथ हरियाणा सीमा की ओर गया था। दोनों हथिनीकुंड बैराज के पास पहुंचे, जहां उन्होंने यमुना किनारे मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया। पहले पारस नदी में उतरा और लोकेश बाहर खड़े होकर उसकी वीडियो बना रहा था। कुछ देर बाद पारस सुरक्षित बाहर आ गया।
इसके बाद लोकेश खुद नदी में उतरा और पारस वीडियो शूट करने लगा। इसी दौरान अचानक लोकेश गहराई में चला गया और तेज बहाव में फंसकर डूबने लगा। भांजे ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुका था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा और तेज धारा के कारण रात में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। अगले दिन पीएसी की फ्लड यूनिट और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया। कई घंटों की तलाश के बाद युवक का शव घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर बरामद हुआ।
बताया जा रहा है कि मृतक की शादी पिछले वर्ष ही हुई थी और वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। घटना के बाद परिवार में गहरा शोक है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
