सहारनपुर। जनपद के अंबेहटा कस्बे में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब चार्जिंग के दौरान एक ई-रिक्शा की बैटरी अचानक तेज धमाके के साथ फट गई और देखते ही देखते आग भड़क उठी। हादसे में ई-रिक्शा चालक अजीम झुलस गया, जबकि वाहन और घर में रखा सामान भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया गया कि अंबेहटा के मोहल्ला कोटला नई बस्ती निवासी अजीम पिछले कई वर्षों से ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। रोजाना की तरह शुक्रवार रात को भी वह काम से लौटकर अपना ई-रिक्शा घर पर ही चार्जिंग पर लगाकर सो गया था। शनिवार सुबह करीब छह बजे अचानक तेज विस्फोट हुआ, जिससे घर में खड़ी गाड़ी में आग लग गई।
धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आनन-फानन में पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि इस दौरान आग बुझाने में जुटे अजीम झुलस गए। परिजनों ने तत्काल उन्हें पास के चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आग आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group