लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। योजना भवन स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने बहुगुणा के योगदान को याद किया और उन्हें देश की राजनीति का मजबूत स्तंभ बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा का जन्म 25 अप्रैल 1919 को वर्तमान उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल क्षेत्र में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा गांव में प्राप्त करने के बाद उन्होंने प्रयागराज में उच्च शिक्षा हासिल की और छात्र जीवन से ही नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान वर्ष 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भागीदारी के चलते उन्हें ब्रिटिश शासन द्वारा जेल भी भेजा गया था।
उन्होंने बताया कि आजादी के बाद 1952 में हुए पहले विधानसभा चुनाव में बहुगुणा विधायक चुने गए और बाद में प्रदेश सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। आगे चलकर उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में भी कार्य किया और विभिन्न विभागों में अपने प्रभावी नेतृत्व की छाप छोड़ी।
सीएम योगी ने कहा कि बहुगुणा का विकास को लेकर स्पष्ट और दूरदर्शी दृष्टिकोण था, जिसकी झलक आज भी प्रदेश के विकास कार्यों में देखने को मिलती है। उन्होंने केंद्र सरकार में भी विभिन्न मंत्रालयों में सेवाएं देकर देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, अमरेश कुमार, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल एवं रामचंद्र प्रधान समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group