मुजफ्फरनगर। कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने थाना सिविल लाइन का अचानक निरीक्षण कर पुलिस तंत्र की कार्यशैली का बारीकी से आकलन किया। बिना पूर्व सूचना पहुंचे एसएसपी के दौरे से थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिसकर्मी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुट गए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना कार्यालय में रखी अपराध पंजिकाओं, जनरल डायरी और अन्य अभिलेखों की गहन जांच की। कई रजिस्टरों में अद्यतन प्रविष्टियां न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और जिम्मेदार कर्मियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण करते हुए कप्तान ने सीसीटीएनएस प्रणाली पर दर्ज सूचनाओं की स्थिति पर भी नजर डाली। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी सूचनाएं समय से अपलोड हों और डेटा में शुद्धता बनी रहे, ताकि जांच और विवेचना में किसी तरह की बाधा न आए।
महिला सुरक्षा को लेकर भी एसएसपी का रुख सख्त दिखा। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क और साइबर डेस्क पर पहुंचकर वहां की कार्यप्रणाली जानी और कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित व संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा उन्होंने हवालात, बैरक और मालखाने का निरीक्षण कर साफ-सफाई, अनुशासन और शस्त्रों के रख-रखाव की समीक्षा की। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के प्रति गंभीर रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी के इस औचक दौरे को पुलिस व्यवस्था में कसावट लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, जिससे स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group