वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र में छह वर्ष की बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के प्रयास की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। राहत की बात यह रही कि कुछ घंटों के भीतर ही बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया, हालांकि उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं।पुलिस के अनुसार स्कूल से छुट्टी के बाद एक युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर साइकिल से अपने साथ ले गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया और स्थानीय लोगों को भी सतर्क किया। तलाश के दौरान बच्ची छित्तमपुर क्षेत्र में एक मंदिर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी ने उसे एक गहरे सूखे कुएं में फेंक दिया था, जहां से उसकी आवाज सुनकर लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।घटना के बाद बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया। प्राथमिक इलाज के बाद परिजन उसे घर ले गए, लेकिन घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।इधर, पुलिस ने तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और देर रात घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group