मुजफ्फरनगर। जनपद में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोतवाली नगर पुलिस ने विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा” के तहत अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पांच नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के हाथ भारी मात्रा में गांजा और डोडा पोस्त लगा है, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। कार्रवाई के बाद नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। सहारनपुर परिक्षेत्र में डीआईजी स्तर से शुरू किए गए “ऑपरेशन सवेरा” का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना है। पुलिस लगातार ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई कर रही है, जो अवैध तरीके से नशे का कारोबार चला रहे हैं।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर शहर और आसपास के इलाकों में घेराबंदी की। सबसे पहले मिमलाना रोड निवासी फारूख को न्यू गुडलक बारात घर के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ।इसके बाद ग्राम पिन्ना निवासी वंश उर्फ वद्दू और विशाल को रेलवे लाइन के निकट दबोचा गया। पुलिस ने दोनों के पास से भारी मात्रा में करीब दस किलो डोडा पोस्त बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से नशे की सप्लाई के काम में जुड़े हुए थे और आसपास के क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करते थे।पुलिस ने खतौली निवासी असलम को शनिदेव मंदिर के पीछे से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से गांजा और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं मेरठ निवासी सुनील कुमार को हाईवे क्षेत्र से पकड़कर उसके पास से भी गांजा बरामद किया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद मादक पदार्थों की कुल कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब साढ़े छह लाख रुपये बताई जा रही है।एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इनके तार किन-किन जिलों और राज्यों से जुड़े हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश में भी जुट गई है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शशि कपूर, मिलन चौधरी, विक्रांत कुमार सहित पुलिस टीम के कई जवानों की अहम भूमिका रही। अधिकारियों ने साफ कहा कि जनपद में नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group