सहारनपुर। नागल थाना क्षेत्र के गांव लाखनौर में एक किसान की सतर्कता और हिम्मत के चलते चोरी की वारदात का खुलासा हो गया। घर से अनाज चोरी कर मोटरसाइकिल से फरार हो रहे दो बदमाशों में से एक को किसान ने कई किलोमीटर पीछा करने के बाद पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया गेहूं और बाइक बरामद कर ली है।जानकारी के मुताबिक लाखनौर गांव निवासी किसान विक्रम शुक्रवार को खेत से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचे, उन्होंने दो युवकों को बाइक पर अनाज के बोरे लादकर तेजी से निकलते देखा। घर के बाहर संदिग्ध हालात देखकर उन्हें चोरी होने का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए अपनी मोटरसाइकिल से दोनों का पीछा शुरू कर दिया।बताया गया कि आरोपी स्टेट हाईवे की ओर भाग निकले, लेकिन किसान लगातार उनके पीछे लगा रहा। उमाही गांव के पास पहुंचकर विक्रम ने साहस दिखाते हुए बदमाशों की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। अचानक घिरता देख दोनों आरोपी बाइक छोड़कर भागने लगे। इस दौरान एक युवक खेतों की ओर भागकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को किसान ने पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।सूचना मिलने पर थाना नागल पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान उमाही निवासी सरफराज के रूप में हुई है। उसके पास से करीब 90 किलो गेहूं और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा उसके फरार साथी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि आरोपी किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।घटना के बाद इलाके में किसान विक्रम की बहादुरी की चर्चा हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसान समय रहते पीछा नहीं करता तो दोनों आरोपी चोरी का सामान लेकर आसानी से फरार हो जाते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group