महोबा (उत्तर प्रदेश)। जनपद महोबा में पारिवारिक दुश्मनी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। कबरई थाना क्षेत्र के गुगौरा गांव में रविवार देर शाम खेत में सिंचाई कराने गए एक बुजुर्ग की उसके ही भतीजे ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक गुलाब सिंह परिहार (60 वर्ष) रविवार को अपने खेत पर मौजूद थे। इसी दौरान उनका भतीजा मोनू सिंह वहां पहुंचा और बिना किसी बहस के तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां सिर और सीने में लगने से गुलाब सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या करीब 30 वर्ष पुरानी पारिवारिक रंजिश का नतीजा है। बताया जा रहा है कि मोनू सिंह के पिता की हत्या के एक पुराने मामले में मृतक गुलाब सिंह का नाम सामने आया था, तभी से दोनों परिवारों के बीच विवाद चला आ रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कबरई, पनवाड़ी, चरखारी और खन्ना थाना क्षेत्रों से चार विशेष टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
