मुजफ्फरनगर, 14 अप्रैल 2026। अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस के अवसर पर जनपद में शहीद फायर कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा ने रिजर्व पुलिस लाइन्स, मुजफ्फरनगर से अग्नि सुरक्षा जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह दिवस 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया बंदरगाह पर हुए भीषण अग्निकांड की स्मृति में मनाया जाता है, जिसमें आग बुझाने के दौरान फायर सेवा के 66 जवानों ने अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। उन्हीं वीर जवानों की याद में प्रतिवर्ष यह दिन समर्पित किया जाता है।
रैली रिजर्व पुलिस लाइन्स से शुरू होकर भोपा रोड, टिकैत चौक, महावीर चौक, मीनाक्षी चौक और मालवीय चौक सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान अग्निशमन विभाग द्वारा नागरिकों को आग से बचाव, सतर्कता और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया। रैली का समापन फायर स्टेशन पर हुआ।
इस अवसर पर 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाए जाने की भी शुरुआत की गई। सप्ताह के दौरान जागरूकता रैली, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता, मॉक ड्रिल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य आमजन में अग्नि सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाना है।
इस वर्ष अग्नि सुरक्षा सप्ताह का संकल्प “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज—आग की रोकथाम के लिये एक साथ” रखा गया है। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, औद्योगिक इकाइयों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री अनुराग कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री रविन्द्र प्रताप सिंह, प्रतिसार निरीक्षक श्री उदल सिंह सहित पुलिस व अग्निशमन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group