मुजफ्फरनगर, 14 अप्रैल 2026। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा, अपर जिलाधिकारी श्री संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री गजेंद्र कुमार तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।


इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने डॉ. अंबेडकर के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की भूमि महान विभूतियों की जन्मस्थली रही है, जिन्होंने समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। डॉ. भीमराव अंबेडकर उन महान पुरुषों में से एक थे, जिन्होंने समाज में समानता स्थापित करने के लिए संघर्ष किया और वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन समानता, स्वतंत्रता और शिक्षा के मूल्यों पर आधारित था, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे उनके बताए मार्ग पर चलकर एक न्यायपूर्ण और समरस समाज के निर्माण में अपना योगदान दें। साथ ही उन्होंने विशेष रूप से बच्चों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक अभिभावक अपने बच्चों को शिक्षित करने में कोई कमी न छोड़े।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान किए हैं। उन्होंने सभी से संविधान को पढ़ने और समझने का आग्रह किया, विशेषकर महिलाओं को इसके प्रति जागरूक होने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के दौरान अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। आयोजन का समापन राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group