शामली। जनपद शामली में भेड़पालन कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले एक पशुपालक को उस समय भारी नुकसान झेलना पड़ा, जब गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र के मुंडेटकलां गांव के जंगल किनारे देर रात उसके झुंड पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना मंगलवार को तड़के लगभग ढाई बजे की बताई जा रही है। भैंसवाल निवासी सचिन कुमार अपनी करीब तीन सौ भेड़ों के साथ गोकुलधाम कॉलोनी के पास विश्राम के लिए रुका हुआ था कि अचानक कुत्तों के हमले से अफरातफरी मच गई। घबराहट में भागने-दौड़ने के दौरान दबने-टकराने से 120 भेड़ों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई भेड़ गंभीर रूप से घायल हो गईं जिनका उपचार कराया जा रहा है।
घटना से आहत पशुपालक सचिन कुमार सोमवार को कलेक्ट्रेट शामली पहुंचा और जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए कहा कि भेड़ पालन ही उसके परिवार की आय का एकमात्र साधन है। इतनी बड़ी संख्या में पशुधन खत्म हो जाने से उसका पूरा आर्थिक आधार हिल गया है। उसने मृत भेड़ों के वास्तविक मूल्यांकन, चिकित्सा व्यय और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि वह दोबारा अपना पशुधन खड़ा कर सके।
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और रात के समय झुंड के रूप में घूमते हैं, जिससे पशुपालकों को बार-बार नुकसान उठाना पड़ रहा है। लोगों ने नगरपालिका और प्रशासन से मांग की कि आवारा कुत्तों के नियंत्रण, पकड़-धकड़ तथा संवेदनशील स्थानों पर गश्त जैसी ठोस व्यवस्था की जाए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेने के साथ ही राजस्व व पशुपालन विभाग के माध्यम से नुकसान का सर्वे कराए जाने तथा रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही है। घटना के बाद क्षेत्र में पशुपालकों और ग्रामीणों के बीच भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।
