शामली/झिंझाना। जनपद शामली में पुलिस ने एक सुनियोजित ऑपरेशन के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे गैंगस्टर फिरोज खान को उसके घर के नीचे बने तहखाने से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान परिजनों व समर्थकों ने विरोध किया, जिसके चलते कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने हालात को देखते हुए अतिरिक्त फोर्स मौके पर तैनात कर दिया।
सूत्रों के अनुसार पुलिस टीम को जानकारी मिली थी कि फिरोज खान पिछले कई दिनों से अपने ही मकान में छिपा हुआ है। इसके बाद एसओजी, झिंझाना थाना पुलिस और महिला पुलिस कर्मियों की संयुक्त टीम ने इलाके में घेरा बंदी की। तलाशी के दौरान घर के भीतर एक गुप्त कमरे का दरवाजा मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ और जांच में तहखाने से आरोपी को बरामद कर लिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक फिरोज खान पर शामली, सहारनपुर व मेरठ में, गैंगस्टर एक्ट, अवैध कब्जे , रंगदारी
,मारपीट, धमकी एवं सरकारी कार्य में बाधा सहित 22 से अधिक मामले दर्ज हैं। प्रशासन ने 25 दिसंबर 2025 को उसके नाम से जुड़ी लगभग ₹30 करोड़ मूल्य की संपत्ति कुर्क की थी।
कुर्की के बाद उसने सोशल मीडिया पर कई वीडियो जारी कर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके चलते उसके खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि उसी मामले में उसके कुछ परिजनों के नाम भी सामने आए हैं और उनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ऊन सीएचसी में मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया, जहां से उसे अदालत में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंग के आर्थिक नेटवर्क और सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
