बुलंदशहर के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र स्थित निजामपुर गांव में रुपये के लेनदेन को लेकर हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए नामजद सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त थार वाहन, एक अवैध पिस्टल तथा घटनास्थल से मिले कारतूस बरामद किए हैं। बरामद साक्ष्यों को जांच के लिए फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजा गया है।पुलिस के अनुसार घटना की शुरुआत रुपये के लेनदेन के विवाद से हुई थी। बताया गया कि उत्तम शर्मा ने निमित नामक युवक से कुछ धनराशि उधार ली थी। रुपये वापस मांगने पर दोनों के बीच फोन पर विवाद हुआ, जो बाद में आमने-सामने की कहासुनी में बदल गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए।पुलिस के मुताबिक गांव के निजामपुर गेट पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट के दौरान लाठी-डंडे चले और फायरिंग भी हुई। इस दौरान गोली लगने से अजबसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि घटनास्थल पर मौजूद सोनू थार वाहन की चपेट में आ गया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना में घायल तीन अन्य लोगों का उपचार चल रहा है और चिकित्सकों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान वारदात में प्रयुक्त थार वाहन और अवैध पिस्टल बरामद की गई। साथ ही घटनास्थल से मिले कारतूस भी कब्जे में लेकर वैज्ञानिक जांच के लिए भेजे गए हैं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फोरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जाएगी। आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group