मुजफ्फरनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भोपा के औचक निरीक्षण में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया को महिला चिकित्सक सहित छह स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।बुधवार को किए गए निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा सेवाओं, ओपीडी व्यवस्था, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और कर्मचारियों की उपस्थिति का विस्तार से जायजा लिया। निरीक्षण के समय डॉ. यशस्वी जैन, स्टाफ नर्स सुप्रिया सिंह, दीपा, प्रवीण और ग्लोरियस तथा लैब टेक्नीशियन विपिन ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सीएचसी भोपा के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय कुमार को निर्देश दिए कि सभी अनुपस्थित कर्मचारियों से तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए प्रभावी निगरानी और आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।निरीक्षण के दौरान डॉ. सुनील तेवतिया ने स्वास्थ्यकर्मियों को समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील तथा समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी स्वास्थ्यकर्मियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली पर नियमित निगरानी रखी जाएगी। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group