शामली जनपद के बाबरी थाना क्षेत्र स्थित बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज और मोबाइल टावर से अज्ञात चोर लाखों रुपये मूल्य के उपकरण चोरी कर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में बीएसएनएल की दूरसंचार सेवाएं पूरी तरह बाधित हो गईं, जिससे मोबाइल नेटवर्क और अन्य संचार सुविधाएं प्रभावित हो गई हैं। मामले में टावर इंचार्ज की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार चोर टावर परिसर से बैटरी बैंक, डीजी इंजन सेट का स्टार्टिंग मोटर, डीसी अल्टरनेटर तथा अन्य महत्वपूर्ण उपकरण अपने साथ ले गए। चोरी की जानकारी मिलने पर बीएसएनएल टावर इंचार्ज विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आसपास चोरी गए सामान की तलाश कराई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।इसके बाद विनोद कुमार ने बाबरी थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि आवश्यक उपकरण चोरी होने के कारण टेलीफोन एक्सचेंज का संचालन प्रभावित हो गया है। इससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बीएसएनएल मोबाइल नेटवर्क सहित अन्य दूरसंचार सेवाओं के उपयोग में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बाबरी थाना पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी एकत्र कर अज्ञात चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।उल्लेखनीय है कि जनपद में हाल के दिनों में चोरी और लूट की घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऐसे में सार्वजनिक सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।