इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित तोड़ा गांव में प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी पत्नी और कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों ने मिलकर प्रॉपर्टी डीलर की गला घोंटकर हत्या की और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। मामले के खुलासे में मृतक की 10 वर्षीय बेटी के बयान, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस के अनुसार तोड़ा गांव निवासी आनंद राजपूत उर्फ महबूब (35) प्रॉपर्टी डीलिंग के साथ ईंट-भट्ठे के कारोबार से भी जुड़े थे। रविवार रात वह घर लौटकर सो गए थे। देर रात उनका शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हुआ, लेकिन परिजनों ने मृतक की पत्नी आशिकी देवी और उसके कथित प्रेमी शिवम पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि मृतक ने कुछ माह पहले पत्नी और शिवम को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस घटना के बाद शिवम जेल गया था और जमानत पर रिहा होने के बाद दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस का दावा है कि वारदात से कुछ दिन पहले दोनों संपर्क में रहने के लिए नया मोबाइल और सिम कार्ड भी लेकर आए थे।पुलिस के अनुसार घटना वाली रात मृतक को कथित रूप से दूध में नींद की गोलियां मिलाकर दी गईं। बेहोशी की हालत में उसका अंगोछे से गला घोंट दिया गया और बाद में शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। आरोपी महिला ने प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन घटनास्थल से मिले साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच से मामला स्पष्ट हो गया।शव का दो चिकित्सकों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम कराया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अंगोछा, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य साक्ष्य बरामद करने का दावा किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटना के सफल खुलासे पर पुलिस, सर्विलांस और फॉरेंसिक टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।