मुजफ्फरनगर। भारतीय ऋषि परंपरा और महर्षि कश्यप के गौरव को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जानसठ में भव्य स्मारक परिसर विकसित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से करीब 1 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस स्मारक में महर्षि कश्यप की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप ने भूमि पूजन कर परियोजना की शुरुआत की।समारोह को संबोधित करते हुए नरेंद्र कश्यप ने कहा कि जानसठ की धरती पर बनने वाला यह स्मारक भारतीय संस्कृति और ऋषि परंपरा की समृद्ध विरासत का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप की इतनी विशाल और भव्य प्रतिमा पूरे भारत में कहीं नहीं है। स्मारक के निर्माण से लोगों को महर्षि कश्यप के तप, ज्ञान और योगदान के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार महापुरुषों, संतों और ऋषियों से जुड़े स्थलों के संरक्षण और विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। स्मारक परिसर के निर्माण और सौंदर्यीकरण से जानसठ को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय व्यापार तथा रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जानसठ में बनने वाला यह स्मारक नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का काम करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह स्थल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्रों में अपनी पहचान बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group