मुजफ्फरनगर। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी सूरज कुमार राय ने अपराध समीक्षा बैठक में अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि संगठित अपराध में शामिल बदमाशों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। गैंगस्टर एक्ट के आरोपितों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर उनकी कुर्की की प्रक्रिया तेज की जाए। साथ ही लंबित मुकदमों का जल्द निस्तारण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाए।बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित बैठक में एसएसपी ने जिले की कानून व्यवस्था और विभिन्न थानों में दर्ज मुकदमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिन मामलों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है, उनकी विवेचना में तेजी लाकर साक्ष्यों के आधार पर जल्द परिणाम सामने लाए जाएं।एसएसपी ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की समीक्षा करते हुए कहा कि अपराध के जरिए संपत्ति जुटाने वाले बदमाशों पर आर्थिक चोट पहुंचाना जरूरी है। ऐसे अपराधियों की संपत्तियों का पता लगाकर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जब्ती और कुर्की की कार्रवाई की जाए। इसके अलावा अवैध हथियारों, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ भी अभियान चलाया जाए।महिला अपराधों और अनुसूचित जाति-जनजाति से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने में देरी नहीं होनी चाहिए। लंबित विवेचनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और गंभीर मामलों में पुलिस अधिकारी स्वयं निगरानी रखें।जनशिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा। पासपोर्ट सत्यापन और अन्य ऑनलाइन सेवाओं में भी अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। पुलिस कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए ई-साक्ष्य, ई-समन और यक्ष ऐप का प्रभावी इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया।आगामी त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, एसपी अपराध इंदु सिद्धार्थ, एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे समेत सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group