मुजफ्फरनगर। शादी समारोह की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। चोरावाला गांव के पास तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार छह वर्षीय बच्ची की जान चली गई, जबकि उसके पिता और चार वर्षीय भाई घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।बिजनौर जिले के हल्दौर निवासी साजिद अपने दो बच्चों के साथ शादी समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। ककरौली थाना क्षेत्र के चोरावाला गांव के निकट पहुंचने पर मोरना की ओर से आ रही एक बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े।इस दौरान छह वर्षीय बेटी सिमरा बस के पहिये की चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साजिद और उनका चार वर्षीय बेटा शिफान घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ भोपा राधा रमण सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group