मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले में खेल उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं कराई गईं। इस दौरान हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा वरिष्ठ खिलाड़ियों और राष्ट्रीय स्तर की बालिका खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय की ओर से जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर रहे। प्रभारी क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंटकर उनका स्वागत किया।डीएवी पीजी कॉलेज मुजफ्फरनगर के खेल मैदान में आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में डीएवी हॉकी एकेडमी ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि स्टेडियम टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता का संचालन उप क्रीड़ाधिकारी पूनम विश्नोई और डॉ. राजीव कुमार ने किया।राष्ट्रीय इंटर कॉलेज शाहपुर में जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता कराई गई। विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर चुकीं 20 बालिका खिलाड़ियों को मेडल और स्पोर्ट्स किट देकर सम्मानित किया गया। इससे खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला।खेल दिवस पर वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों विजय, अजय जेमिनी, रोशनलाल, पवन कुमार और यशपाल सिंह को भी जिला खेल कार्यालय की ओर से सम्मानित किया गया। नगर मजिस्ट्रेट ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए और सभी उपस्थित लोगों को फिट इंडिया की शपथ दिलाई।आयोजन को सफल बनाने में जिला खेल कार्यालय के स्टाफ, खेल प्रशिक्षकों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश त्यागी ने भी आयोजन में सहयोग दिया। राष्ट्रगान के साथ खेल उत्सव का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group