मुजफ्फरनगर। जिले में एच1एन1 यानी स्वाइन फ्लू के संक्रमण ने दस्तक दे दी है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में नौ लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें आठ मरीजों का उपचार घर पर ही चल रहा है, जबकि एक मरीज को बेहतर इलाज के लिए नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए संबंधित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संक्रमित मरीज जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से सामने आए हैं। इनमें मुजफ्फरनगर शहर के चार मरीज शामिल हैं। खतौली ब्लॉक में दो लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि मोरना, सदर और जानसठ ब्लॉक में एक-एक मरीज मिला है। मरीजों की स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग लगातार नजर रख रहा है।मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। टीमों को संक्रमित मरीजों के घर भेजकर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली जा रही है। साथ ही मरीजों के संपर्क में आए परिजनों और अन्य लोगों की भी जांच तथा स्क्रीनिंग की जा रही है, ताकि संक्रमण के संभावित प्रसार का समय रहते पता लगाया जा सके।संक्रमित मरीजों के आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं। संबंधित स्थानों पर सैंपलिंग और सैनिटाइजेशन का काम भी कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार आगे भी जांच का दायरा बढ़ाया जाएगा।स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से बचने की सलाह दी गई है।सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि नौ मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अधिकांश मरीजों की हालत सामान्य है और उनका उपचार निगरानी में किया जा रहा है। एक मरीज को नोएडा में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और स्थिति को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतने की जरूरत है।