मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवक को रास्ते में घेरकर तमंचे के बल पर लूट करने का आरोप लगाया गया है। युवक का कहना है कि कार और बाइकों पर सवार आठ लोगों ने उसकी बाइक रुकवाई और तमंचे दिखाकर मारपीट करते हुए पर्स व मोबाइल छीन लिया। पर्स में करीब 20 हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज बताए गए हैं। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला रिश्तेदारों के बीच पैसों के लेनदेन के विवाद से जुड़ा सामने आया है।भोपा थाना क्षेत्र के गांव शेरअली निवासी मो. साकिब वर्तमान में भोकरहेड़ी में रहता है। उसने पुलिस को बताया कि वह बाइक से भोकरहेड़ी से तेवड़ा की ओर रसगुल्ले लेने जा रहा था। तेवड़ा बाग मार्ग पर करीब 400 मीटर आगे पहुंचते ही पीछे से वैगनआर कार और दो बाइक पर सवार लोग आए। आरोप है कि उन्होंने उसकी बाइक को घेरकर रोक लिया।साकिब के अनुसार करीब आठ लोगों ने उसे घेर लिया। इनमें तीन के हाथ में तमंचे थे। आरोप है कि तमंचे दिखाकर उसके साथ मारपीट की गई और जेब से पर्स तथा ओप्पो ए59 मोबाइल छीन लिया गया। पर्स में करीब 20 हजार रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड सहित अन्य दस्तावेज रखे थे।शिकायतकर्ता ने कलीम उर्फ सोनी पुत्र कलमुद्दीन निवासी मोहल्ला शेखपुर, खतौली को पहचानने का भी दावा किया है। घटना के बाद युवक ककरौली थाने पहुंचा और पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।ककरौली थाना प्रभारी जोगेंद्र सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला लूट के बजाय रिश्तेदारी और पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद का सामने आ रहा है। दोनों पक्षों के बीच रिश्तेदारी होने की बात सामने आई है। पुलिस ने संबंधित लोगों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।