मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव कसियारा में रात के समय एक घर की छत पर तीन युवकों के पहुंचने से हड़कंप मच गया। घर में मौजूद युवती की नींद खुलने पर उसने मोबाइल की रोशनी से छत पर मौजूद युवकों को देखा और शोर मचा दिया। इसके बाद तीनों युवक छत से कूदकर फरार हो गए। युवती द्वारा पहचान किए जाने के बाद मकान मालिक ने तीनों पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की।गांव निवासी महिपाल के मुताबिक, घटना वाली रात वह एक भंडारे में शामिल होने के लिए गाजियाबाद गया था, जबकि उसकी पत्नी भी घर पर नहीं थी। घर की देखरेख के लिए उसकी भांजी शालू वहां मौजूद थी। रात करीब एक बजे छत से आहट आने पर उसकी नींद खुल गई। उसने मोबाइल की रोशनी में छत पर कुछ युवकों को देखा।शालू ने आवाज देकर छत पर मौजूद लोगों के बारे में पूछा। आरोप है कि आवाज सुनते ही युवक घबरा गए और छत से नीचे कूदकर मौके से निकल गए। महिपाल के अनुसार, शालू ने मोबाइल की रोशनी में युवकों के चेहरे देख लिए थे और बाद में उन्हें पहचान लिया।घटना की जानकारी मिलने पर महिपाल ने युवती से युवकों की पहचान कराई। शिकायत में नीरज पुत्र सुशील, मनिक पुत्र जनेश्वर और अजय पुत्र भोपाल, निवासी कसियारा, के नाम बताए गए हैं। महिपाल का आरोप है कि जब उसने युवकों के परिजनों से इस घटना के बारे में बात की तो उसे भी जान से मारने की धमकी दी गई।इसके बाद महिपाल ने चार सितंबर को चरथावल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों नामजद युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के संबंध में शिकायतकर्ता और युवती के बयान लेने के साथ ही अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group