मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र के एक गांव में पशुओं के लिए घास लेने गई 19 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि गांव का ही युवक अकेला देखकर उसके पास पहुंचा और अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास मौजूद महिलाओं के पहुंचने पर आरोपित वहां से चला गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।युवती के मुताबिक, वह जंगल में घास काट रही थी। इसी दौरान गांव निवासी सुभाष पुत्र रामस्वरूप वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोपित ने उसका हाथ पकड़कर खींचा और उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।युवती ने खुद को बचाने के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहीं मुनीता और सीमा मौके पर पहुंचीं। दोनों महिलाओं ने हस्तक्षेप कर युवती को बचाया। इसके बाद युवती घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।परिजनों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद युवती का भाई और चाचा आरोपित युवक से बात करने पहुंचे। आरोप है कि वहां भी सुभाष ने उनके साथ अभद्रता की और विवाद किया।इसके बाद युवती ने तितावी थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। उसने आरोपित से खुद और परिवार को खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुभाष के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती के बयान, घटनास्थल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। छेड़छाड़ और मारपीट के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group