मुजफ्फरनगर। नचिकेता स्कूल्स में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महान शिक्षाविद् एवं दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, भाषण सहित विभिन्न मनोरंजक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से भर उठा। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के लिए ग्रीटिंग कार्ड, शुभकामना संदेश और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी भावनाएं भी व्यक्त कीं।

इस अवसर पर शिक्षकों के योगदान और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका को रेखांकित किया गया। विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या श्रीमती जसबीर कौर और उप-प्रधानाचार्या (एडमिनिस्ट्रेशन) विक्की जैन ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण, मेहनत और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में दिए जा रहे योगदान की सराहना की।उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे उनके जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक भी होते हैं। समारोह का समापन शिक्षकों के प्रति आभार और शुभकामनाओं के साथ हुआ। पूरा विद्यालय परिसर गुरु के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना से सराबोर नजर आया।