मुजफ्फरनगर, 5 सितंबर 26। शिक्षक दिवस के अवसर पर डीएवी डिग्री कॉलेज, आर्य समाज के सभागार में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा श्री कपिल देव अग्रवाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 100 शिक्षक, 10 एआरपी और तीन एसआरजी समेत कुल 113 शिक्षकों व शिक्षाकर्मियों को प्रतीक चिह्न, प्रशस्ति-पत्र और शाल भेंट कर सम्मानित किया।कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में किया गया। गोरखपुर स्थित योगीराज बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह से राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 एवं मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार-2025 समारोह का लाइव प्रसारण हुआ, जिसे सभागार में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से देखा गया। जनपद के विभिन्न विकासखंडों से करीब 150 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कपिल देव अग्रवाल, बुढ़ाना विधायक राजपाल सिंह बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, मीरापुर विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया, मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।

राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शिक्षकों को अभिवादन करते हुए कहा कि एक मां अपने बच्चे को शिक्षित और संस्कारी बनाने की जिम्मेदारी शिक्षक को सौंपती है। इसलिए शिक्षक का दायित्व केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं है। उन्हें बच्चों की प्रतिभा पहचानने, उनमें आत्मविश्वास पैदा करने और हीन भावना से बाहर निकालकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का कार्य भी करना है।उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों को सही दिशा देकर शिक्षक उनके भविष्य को बेहतर बनाने का काम करते हैं।जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने गुरु-शिष्य परंपरा का उल्लेख करते हुए शिक्षकों के कार्य और दायित्वों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न सरकारी कार्यों के संपादन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षक महत्वपूर्ण कड़ी हैं।उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक सम्मान के योग्य हैं। जो शिक्षक इस अवसर पर सम्मानित होने से वंचित रह गए हैं, उन्हें भी भविष्य में सम्मानित किया जाना चाहिए।बुढ़ाना विधायक राजपाल सिंह बालियान ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देने और उन्हें संस्कारी बनाने में शिक्षकों की अहम भूमिका है। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी और रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी ने भी शिक्षकों को बधाई दी। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने गुरुजनों का अभिवादन करते हुए उनके योगदान की सराहना की।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शिक्षक दिवस संदेश का भी लाइव प्रसारण हुआ। मुख्यमंत्री ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस पर शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी में सकारात्मक परिवर्तन लाने और बच्चों को संस्कार देने में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने कार्यक्रम की जानकारी दी। मंच संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और अन्य लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।