मेरठ। मवाना के बसंत वैली पब्लिक स्कूल में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा सात में पढ़ने वाला 13 वर्षीय छात्र कुणाल शर्मा स्कूल के वॉशरूम में बेहोश मिला। आनन-फानन में उसे चिकित्सकों के पास ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में चिकित्सकों ने मौत का कारण अचानक हृदय गति रुकना यानी कार्डियक अरेस्ट बताया है। बच्चे की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया।मवाना के काबिली गेट, फलावदा रोड निवासी धर्मेंद्र शर्मा का बेटा कुणाल बसंत वैली पब्लिक स्कूल में कक्षा सात का छात्र था। सोमवार को वह रोज की तरह स्कूल गया था। दोपहर में छुट्टी होने के बाद बच्चे घर जाने के लिए स्कूल से बाहर निकलने लगे। कुणाल भी रोजाना की तरह ई-रिक्शा से घर जाता था, लेकिन बाकी बच्चे बाहर आ गए और कुणाल ई-रिक्शा तक नहीं पहुंचा। करीब 15 मिनट तक इंतजार करने के बाद चालक को चिंता हुई और वह कुणाल को तलाशने स्कूल के अंदर पहुंच गया।ई-रिक्शा चालक ने पहले कुणाल को उसकी कक्षा में तलाशा, लेकिन वह वहां नहीं मिला। वहां मौजूद बच्चों से पूछने पर पता चला कि कुणाल वॉशरूम गया है। इसके बाद चालक और स्कूल स्टाफ वॉशरूम की ओर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। जब दरवाजा नहीं खुला तो ऊपर से अंदर झांककर देखा गया। कुणाल फर्श पर अचेत पड़ा दिखाई दिया।इसके बाद किसी तरह वॉशरूम का दरवाजा खोला गया और कुणाल को बाहर निकाला गया। उसकी हालत गंभीर थी और वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। स्कूल स्टाफ ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और उसे चिकित्सक के पास ले जाया गया। निजी चिकित्सक के बाद परिजन उसे स्वास्थ्य केंद्र भी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर अचानक हृदय गति रुकने को मौत की वजह बताया।परिजनों के अनुसार कुणाल को पहले से दिल से संबंधित कोई बीमारी नहीं थी और वह सामान्य रूप से स्वस्थ था। अचानक स्कूल में उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। कुणाल तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसका छोटा भाई सचित भी इसी स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता है। दोनों भाई रोजाना ई-रिक्शा से साथ स्कूल आते-जाते थे।घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी भी कुणाल के घर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जानकारी ली। परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद देर शाम गमगीन माहौल में कुणाल का अंतिम संस्कार कर दिया गया।स्कूल के निदेशक एवं प्रधानाचार्य अमित राणा के अनुसार, कुणाल को तत्काल चिकित्सकों को दिखाया गया था। चिकित्सकों ने कार्डियक अरेस्ट की बात कही। उन्होंने बताया कि कुणाल नर्सरी कक्षा से ही स्कूल में पढ़ रहा था। सीओ मवाना पंकज लवानिया के अनुसार छात्र की अचानक हृदय गति रुकने से मौत होने की जानकारी सामने आई है। परिजनों ने कार्रवाई से इनकार किया है और पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।कुणाल की अचानक हुई मौत से स्कूल के शिक्षक और छात्र भी स्तब्ध हैं। जिस बच्चे को कुछ देर पहले तक साथी स्कूल में देख रहे थे, उसकी अचानक मौत की खबर ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group