मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में साकेत पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर बाइक सवार बदमाश ने दिनदहाड़े महिला के कान से कुंडल झपट लिया और फरार हो गया। बदमाश ने उस समय वारदात को अंजाम दिया, जब दो महिलाएं सदर बाजार स्थित मेडिकल स्टोर पर खाना देकर पैदल साकेत की ओर लौट रही थीं। पुलिस चौकी के बेहद नजदीक हुई छिनैती की घटना से आसपास के लोगों में रोष है। पुलिस ने बदमाश की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।साकेत की पान वाली गली निवासी संजना पत्नी अजनेर सिंह अपने पति के सदर बाजार स्थित मेडिकल स्टोर पर खाना देने गई थीं। उनके साथ भोपा थाना क्षेत्र के गांव नन्हेड़ी निवासी शर्मिष्ठा पत्नी कुशलपाल भी थीं। दोनों महिलाएं मेडिकल स्टोर पर खाना पहुंचाने के बाद पैदल साकेत की ओर वापस लौट रही थीं। जैसे ही वे साकेत रोड पर पहुंचीं, तभी पीछे से एक बाइक सवार युवक उनके पास आया।महिलाएं कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर एक महिला के कान से कुंडल खींच लिया। अचानक कान पर झटका लगने से महिला घबरा गई। दोनों महिलाओं ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक बदमाश बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो चुका था। वारदात के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़ित महिलाओं से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और लोगों से भी पूछताछ की। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पुलिस बाइक सवार बदमाश की पहचान करने के साथ उसके आने और वारदात के बाद भागने वाले रास्ते का पता लगाने में जुटी है। पुलिस को उम्मीद है कि किसी कैमरे में बदमाश या उसकी बाइक की स्पष्ट तस्वीर मिलने से उसकी पहचान करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय झपटमारों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।पुलिस चौकी से इतनी कम दूरी पर महिला से सरेराह कुंडल झपटने की घटना से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस चौकी के आसपास भी बदमाश इस तरह की वारदात करने से नहीं डर रहे हैं तो अन्य इलाकों में राह चलने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है। लोगों ने साकेत रोड और आसपास के प्रमुख मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध बाइक सवारों की जांच किए जाने की मांग की है।फिलहाल सिविल लाइन पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर बदमाश की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।