मुजफ्फरनगर। खतौली थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद भूड़ में मामूली विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलते रहे। घटना से मोहल्ले में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले में 13 लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।बताया गया कि रविवार रात इमरान तोतले वाली गली में गुलजार के घर के आसपास किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज हुई। कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से मारपीट के साथ पथराव शुरू हो गया। अचानक हुए पथराव से गली में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।घटना की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक अनिल तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद में शामिल लोग पुलिस की मौजूदगी में भी एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते रहे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने सख्ती दिखाई और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान कई आरोपित छतों के रास्ते मौके से फरार हो गए।पथराव के कारण आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। लोगों ने अपने घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर लिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।पुलिस ने मामले में शावेज, शुफियान, सलमान, रिहान, असलम, पप्पू, शावेज, सलमान, फरमान, नौमान, फरमान, लियाकत और गुलजार को नामजद किया है। इसके अलावा कई अज्ञात महिला और पुरुषों को भी मुकदमे में शामिल किया गया है। आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और सात सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना में शामिल आरोपितों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group