मुजफ्फरनगर। खतौली थाना क्षेत्र के गांव भैंसी में युवक अतुल की हत्या के मामले का पुलिस ने छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अतुल की हत्या उसके दोस्त सोनू ने अपने साथी तालिब के साथ मिलकर की थी। हत्या के पीछे अतुल द्वारा सोनू के भाई और बहन के बारे में गांव में कथित रूप से गलत बातें कहे जाने को लेकर चल रही रंजिश बताई गई है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का शव और हत्या में प्रयुक्त चाकू गन्ने के खेत से बरामद किया है। एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।पुलिस के मुताबिक, आठ सितंबर को भैंसी निवासी कपिल ने थाना खतौली में तहरीर देकर बताया था कि उसके भाई अतुल को सोनू पुत्र अजयपाल और तालिब पुत्र दिलशाद ने हत्या के इरादे से गायब कर दिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी। थाना खतौली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपितों को नावला-भैंसी मार्ग पर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सोनू ने बताया कि अतुल उसका दोस्त था। करीब तीन माह पहले दोनों के बीच सोनू के बड़े भाई बबलू और छोटी बहन सोनम को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद के बाद भी अतुल उनके बारे में गांव में गलत बातें कहता रहा। इसी रंजिश में सोनू ने तालिब के साथ मिलकर अतुल की हत्या की योजना बनाई।पूछताछ के अनुसार, 28 अगस्त को दोनों ने तिगाई स्थित ठेके पर बीयर पीते समय हत्या की योजना बनाई थी। अगले दिन तालिब ने सोनू को भैंसी गांव स्थित एक कारखाने पर बुलाया, जहां अतुल भी मौजूद था। दोनों आरोपित अतुल को अमरूद खिलाने के बहाने अपने साथ ले गए। सोनू मोटरसाइकिल से उन्हें हाईवे किनारे पापलर के बाग के पास ले गया। वहां से दोनों अतुल को खेत के अंदर ले गए और आंवले के पेड़ के नीचे गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।पुलिस के अनुसार, हत्या की पुष्टि करने के लिए सोनू ने चाकू से अतुल की गर्दन पर वार किया। इसके बाद शव और चाकू को गन्ने के खेत में छिपा दिया गया। आरोपित अतुल का मोबाइल भी अपने साथ ले गए और रास्ते में उसे तोड़कर भैंसी वाले नाले में फेंक दिया।पुलिस का कहना है कि अतुल की तलाश के दौरान सोनू मृतक के स्वजन के साथ ही पुलिस के पास भी मौजूद रहा। वह ऐसा इसलिए कर रहा था, ताकि किसी को उस पर शक न हो और वह अपनी संलिप्तता छिपाकर पुलिस व मृतक के परिवार को गुमराह कर सके। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपित कहीं भागने की फिराक में थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपितों में सोनू पुत्र अजयपाल निवासी भैंसी, उम्र करीब 19 वर्ष और तालिब पुत्र दिलशाद निवासी भैंसी, उम्र करीब 22 वर्ष शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही से हत्या में प्रयुक्त चाकू और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में बीएनएस की धारा 140(1), 103(1), 238, 3(5) तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।