मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र के लालूखेड़ी फ्लाईओवर पर हुए सड़क हादसे में कृषि विभाग के कर्मचारी की मौत के मामले में पुलिस ने 11 दिन बाद मुकदमा दर्ज किया है। हादसे में बाइक सवार कर्मचारी को पीछे से आई क्रेटा कार ने टक्कर मार दी थी। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही हालत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।शामली के बाबरी क्षेत्र के गांव खानपुर तलवा माजरा निवासी प्रशांत मलिक मुजफ्फरनगर विकास भवन स्थित कृषि विभाग में कार्यरत थे। तीन सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी अपाचे बाइक से गांव से तितावी की ओर जा रहे थे। लालूखेड़ी फ्लाईओवर पर पहुंचने के दौरान पीछे से आई काली रंग की क्रेटा कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रशांत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए बघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया था।घटना के बाद परिजनों की ओर से तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया। करीब 11 दिन बाद मृतक के रिश्तेदार मनोज कुमार ने तितावी थाने में तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि परिवार में तेहरवीं और रिश्तेदारों के आने-जाने के कारण मुकदमा दर्ज कराने में देरी हुई।पुलिस ने तहरीर के आधार पर हादसे में शामिल बताई गई क्रेटा कार संख्या यूपी-20 सीएक्स-9577 के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।