मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में गंगनहर पटरी पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार फिरोजाबाद निवासी 21 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कार में मौजूद उसके दो अन्य साथी सुरक्षित बताए गए हैं।जानकारी के अनुसार, तीन युवक क्विड कार से जानसठ की तरफ से आ रहे थे। गंगनहर पटरी पर पुल के पास मोड़ पर कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई। देखते ही देखते कार सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस के पहुंचने पर घायल युवक आर्यन निवासी ग्राम हरगनपुर धंधों, थाना नसीरपुर, फिरोजाबाद को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। कार में सवार रोहित निवासी अलीगढ़ और सत्य निवासी प्रयागराज को हादसे में कोई गंभीर चोट नहीं आई।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कार की तेज गति और मोड़ पर नियंत्रण बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी देकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।