मुजफ्फरनगर(मोरना)। लगातार हो रही बारिश के चलते खादर क्षेत्र में जलभराव से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए उपजिलाधिकारी जानसठ रश्मि लांबा ने राजस्व विभाग की टीम के साथ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर गन्ना, धान और चारे की फसलों की स्थिति देखी तथा किसानों से भी नुकसान की जानकारी ली।उपजिलाधिकारी ने मजलिसपुर तोफिर, खैरनगर, महाराजनगर, सीताबपुरी, हाजीपुर खादर, शुकतीर्थ खादर, फिरोजपुर खादर और धारीवाला समेत अन्य गांवों का दौरा किया। उन्होंने राजस्व कर्मियों को जलभराव से नष्ट हुई फसलों का सर्वे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।एसडीएम ने कहा कि फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि प्रभावित किसानों से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने अधीनस्थ कर्मचारियों को चार दिन के भीतर सर्वे रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान राजस्व निरीक्षक सुनील कुमार शर्मा, लेखपाल प्रवीण कुमार, सुरेश चंद, रोहित कुमार समेत राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
