मुजफ्फरनगर। मीरापुर क्षेत्र के तुरहेड़ी गांव में घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। देर रात दो लोग छोटे मालवाहक वाहन से पहुंचे और बाइक को उसमें लादकर निकल गए। चोरी की पूरी घटना पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।तुरहेड़ी गांव निवासी आमिर के अनुसार, उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी की थी। 12 सितंबर की रात करीब साढ़े 12 बजे दो अज्ञात लोग वाहन लेकर पहुंचे। उन्होंने बाइक उठाकर मालवाहक वाहन में रखी और वहां से भाग निकले। वाहन की आवाज सुनकर आमिर की नींद खुली, लेकिन बाहर पहुंचने तक चोर मौके से जा चुके थे।मोटरसाइकिल गायब मिलने पर पीड़ित ने आसपास के इलाके में तलाश की। कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। इसी बीच पड़ोसी आस मौ के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में वारदात कैद होने की जानकारी सामने आई। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ अन्य उपलब्ध जानकारी जुटा रही है, ताकि चोरी में इस्तेमाल वाहन और आरोपितों का पता लगाया जा सके। मोटरसाइकिल बरामद करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।