मुजफ्फरनगर। न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और मध्यस्थता के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद न्यायालय परिसर में जागरूकता रैली आयोजित की गई। प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष गरिमा सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। यह आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर चलाए जा रहे राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान के तहत हुआ।रैली के माध्यम से लोगों को विवादों का आपसी सहमति और मध्यस्थता के जरिए समाधान कराने के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या कम करने के साथ ही पक्षकारों को वैकल्पिक विवाद समाधान की सुविधा के बारे में जानकारी देना है। मध्यस्थता के माध्यम से दोनों पक्षों की सहमति से विवाद सुलझाने का प्रयास किया जाता है, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो सकती है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि एक नवंबर 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सूजड़ू चुंगी, मुजफ्फरनगर में वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर लगाया जाएगा। शिविर में जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता और विधिक सेवाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।कार्यक्रम में प्रभारी जनपद न्यायाधीश गरिमा सिंह, सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी, जनपद न्यायालय के न्यायिक अधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से विधिक जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।