बलरामपुर। विद्यालय में पढ़ाई के दौरान दूसरी कक्षा की छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। छात्रा के सीट से गिरने की घटना विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। शिक्षकों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बच्ची की मौत की वजह को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।गुलहरिया गांव निवासी सोनू तिवारी की सात वर्षीय बेटी वैष्णवी तिवारी सोमवार को विद्यालय गई थी। बताया गया कि सुबह करीब 10:58 बजे वह कक्षा में अन्य बच्चों के साथ बैठी थी। सीसीटीवी फुटेज में बच्ची अपनी सीट से उठती दिखाई देती है। कुछ ही देर बाद वह लड़खड़ाकर जमीन पर गिर गई। संभलने के बाद दोबारा गिरने पर शिक्षिका ने उसे उठाया और होश में लाने का प्रयास किया।बच्ची की हालत में सुधार नहीं होने पर विद्यालय कर्मचारियों ने उसे जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, घटना के दौरान पास से गणेश विसर्जन जुलूस गुजर रहा था और तेज आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्र बज रहे थे। इसी को लेकर कुछ आशंकाएं जताई गई हैं, लेकिन मौत का चिकित्सकीय कारण अभी प्रमाणित नहीं हुआ है।अस्पताल के चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम के बिना मौत का कारण स्पष्ट करने में असमर्थता जताई। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया और शव लेकर सिद्धार्थनगर चले गए। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।