मुजफ्फरनगर। सदर क्षेत्र के भंडूरा गांव स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश सरकार के व्यवसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने कार्यक्रम में शामिल होकर विद्यालय के विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। विद्यालय में नामांकित 543 विद्यार्थियों में से 425 बालक-बालिकाएं उपस्थित रहे। मंत्री ने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों और शिक्षकों से बातचीत की तथा पढ़ाई से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला, स्मार्ट कक्षा, एलबीडी प्रयोगशाला और विज्ञान प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय की व्यवस्थाएं संचालित मिलीं।विद्यालय में 71.43 लाख रुपये की लागत से तीन अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, एक मध्यान्ह भोजन शेड और एक सुरक्षा कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों की आधारशिला मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रखी। निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं विकास निगम, सहारनपुर को दी गई है।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। चित्रकला में सोनिया प्रथम, इकरा द्वितीय और हर्ष तृतीय रहे। भाषण प्रतियोगिता में शगुन ने पहला, राधिका ने दूसरा और शिफा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी सदर ध्यानचंद, ग्राम पंचायत के वर्तमान एवं पूर्व प्रधान, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी अतिथियों का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group