मुजफ्फरनगर। मीनाक्षी चौक स्थित पल्स पैथोलॉजी एंड एक्स-रे सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग की जांच में एक्स-रे संचालन से संबंधित आवश्यक पंजीकरण नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई। टीम ने एक्स-रे यूनिट को सील कर दिया, जबकि पैथोलॉजी विभाग का पंजीकरण वैध पाए जाने पर उसे संचालित करने की अनुमति बनी रही।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवातिया के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संस्थान का निरीक्षण किया। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महक सिंह और डॉ. अजय कुमार ने केंद्र में उपलब्ध पंजीकरण प्रमाणपत्रों और अन्य जरूरी अभिलेखों की जांच की। इस दौरान पैथोलॉजी विभाग का पंजीकरण सही मिला, लेकिन एक्स-रे मशीन के संचालन के लिए आवश्यक रेडिएशन पंजीकरण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।स्वास्थ्य विभाग ने अभिलेखों की कमी को देखते हुए एक्स-रे इकाई को सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई पैथोलॉजी विभाग पर नहीं की गई है। संस्थान के संचालक को दो दिन के भीतर एक्स-रे रेडिएशन पंजीकरण सहित सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।निर्धारित समय सीमा में अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवातिया ने कहा कि जिले में संचालित पैथोलॉजी और एक्स-रे केंद्रों में जरूरी पंजीकरण तथा स्वास्थ्य संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।