बुढ़ाना। प्राथमिक विद्यालय दुर्गनपुर में बुधवार को विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई। ‘सपनों का भारत’ और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में कक्षा पांच के बच्चों ने विकसित भारत 2047 की कल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और देश के भविष्य को लेकर अपने विचार रंगों में उकेरे।प्रधानाध्यापक प्रवीण सिंह कुशवाहा के निर्देशन में हुई प्रतियोगिता में छात्रा गौरी ने पहला, अंशिका ने दूसरा और पूजा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक ने तीनों विजेता छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों को अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक सोच को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।प्रधानाध्यापक ने कहा कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना से जोड़ना है, ताकि वे अपने सपनों, विचारों और आकांक्षाओं को कलात्मक रूप से व्यक्त कर सकें। अभियान के अंतर्गत सेवा चित्र कार्यक्रम का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक निर्धारित किया गया है।विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकों और अभिभावकों का सहयोग रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश के विकास को लेकर सोचने का अवसर मिला।