मुजफ्फरनगर। बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण देने वाले कानून की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें पोक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों और कानून के उल्लंघन पर होने वाले दंडात्मक परिणामों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर चर्चा की गई।बैठक सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी के विश्राम कक्ष में आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में गांधी जयंती के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। इसी क्रम में बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा और विभागों के बीच समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।अधिकारियों को बच्चों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा और पोक्सो कानून के प्रावधानों के संबंध में जानकारी साझा करने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा गया। बैठक में बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष रीना पंवार, सदस्य पिंकी, जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि आशीष द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय यादव, जिला सूचना अधिकारी नरसिंह, एएचटी थाना के उपनिरीक्षक जगत सिंह, जिला बाल परियोजना अधिकारी सोनम चौधरी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलवी गौरव मलिक समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए विभागीय स्तर पर जिम्मेदारियों और सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया गया। अधिकारियों से बच्चों के संरक्षण से जुड़े कानूनों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group