मुजफ्फरनगर। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों के लिए एक और अवसर दिया गया है। सत्र 2026-27 में राजकीय और निजी आइटीआइ में रिक्त सीटों को भरने के लिए प्रवेश प्रक्रिया का पांचवां चरण शुरू हो गया है। अभ्यर्थी 11 अक्टूबर की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।चौथे चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न संस्थानों में खाली रह गई सीटों पर अब पांचवें चरण में प्रवेश दिए जाएंगे। इस चरण में पहले से पंजीकरण करा चुके लेकिन प्रवेश नहीं पा सके अभ्यर्थियों को भी दोबारा विकल्प दर्ज करने का मौका दिया गया है। ऐसे अभ्यर्थी अपनी पसंद के संस्थान और पाठ्यक्रम के नए विकल्प पंजीकृत कर सकेंगे।इसके साथ ही जिन युवाओं ने अभी तक आइटीआइ प्रवेश के लिए पंजीकरण नहीं कराया है, वे भी इस चरण में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा का ध्यान रखते हुए आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बुढ़ाना के अनुसार विभिन्न राजकीय और निजी आइटीआइ में बची सीटों का विवरण संबंधित परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। अभ्यर्थी आवेदन से पहले अपनी पसंद के संस्थान और पाठ्यक्रम में उपलब्ध सीटों की जानकारी देख सकते हैं। संस्थान की ओर से अभ्यर्थियों से समय सीमा समाप्त होने से पहले आवेदन पूरा करने की अपील की गई है।